REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

क्या यही हैं जायरीनों के लिए इंतजाम? पानी से भरे बेसमेंट में अदा करनी पड़ी जुमे की नमाज जिम्मेदार खामोश।

📅 04 Sep 2026, 02:58 PM🔥 23 views

📋 खबर का सार (Summary)
बारिश में डूबी साबरी जामा मस्जिद की व्यवस्था, पानी से भरे बेसमेंट में नमाज पढ़ने को मजबूर हुए नमाजी।

कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक परिसर में स्थित साबरी जामा मस्जिद में शुक्रवार को उस समय व्यवस्थाओं की पोल खुल गई, जब बारिश के बीच जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे नमाज़ियों को पानी से भरे बेसमेंट में इबादत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। मस्जिद के ऊपरी हिस्से में जगह कम पड़ने के बाद बड़ी संख्या में नमाज़ियों ने बेसमेंट का रुख किया, लेकिन वहां पहले से ही बारिश का पानी भरा हुआ था। इसके बावजूद नमाज का समय होने के कारण अकीदतमंदों ने पानी के बीच खड़े होकर जुमे की नमाज अदा की।

बताया गया कि इन दिनों उर्स संपन्न होने के बाद भी दरगाह साबिर पाक में बड़ी संख्या में जायरीन पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को जुमे की नमाज के लिए आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूर-दराज से भी हजारों की संख्या में नमाज़ी कलियर पहुंचे। नमाज के समय साबरी जामा मस्जिद का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह भर गया। जगह की कमी के चलते कई नमाज़ियों को बेसमेंट में जाना पड़ा।

बारिश के कारण बेसमेंट में काफी मात्रा में पानी जमा था। पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण वहां नमाज़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मजबूरी में अकीदतमंदों ने पानी के बीच खड़े होकर नमाज अदा की। इस दौरान कई नमाज़ियों के कपड़े और पैर पानी से भीग गए। बेसमेंट में जलभराव का वीडियो और तस्वीरें भी सामने आने के बाद व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

हर बारिश में बनती है यही स्थिति

स्थानीय लोगों और जायरीनों का कहना है कि साबरी जामा मस्जिद के बेसमेंट में जलभराव की समस्या कोई नई नहीं है। बारिश होते ही यहां पानी जमा हो जाता है और जुमे की नमाज तथा विशेष अवसरों पर नमाज़ियों की संख्या बढ़ने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद जल निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने से हर बार नमाज़ियों को परेशानी उठानी पड़ती है।

लोगों का कहना है कि दरगाह साबिर पाक में प्रतिदिन बड़ी संख्या में जायरीन आते हैं और जुमे के दिन नमाज़ियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मस्जिद परिसर में जलभराव जैसी समस्या होना न केवल व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है, बल्कि अकीदतमंदों की सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से भी गंभीर विषय है।

प्रशासन और दरगाह प्रबंधन से स्थायी समाधान की मांग

पानी से भरे बेसमेंट में नमाज अदा करने की तस्वीर सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और जायरीनों में जिम्मेदार विभागों के प्रति नाराजगी दिखाई दी। लोगों ने प्रशासन और दरगाह प्रबंधन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसमेंट में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था, पंप और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में नमाज़ियों को पानी के बीच खड़े होकर इबादत करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

लोगों का कहना है कि दरगाह साबिर पाक विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां देश-विदेश से जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में यहां की व्यवस्थाएं बेहतर और स्थायी होनी चाहिए, ताकि बारिश के दौरान भी अकीदतमंदों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →