REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

हज हाउस रोड पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीब दुकानदारों को उजाड़ने के बाद भी नहीं मिली राहत, सड़क पर मलबा और नाले की बदहाली से बढ़ी परेशानी।

📅 18 Jul 2026, 07:12 AM🔥 28 views

📋 खबर का सार (Summary)
दरगाह क्षेत्र में नाले की अनदेखी, सड़क पर मलबा छोड़ने पर प्रशासन पर उठे सवाल।

(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक क्षेत्र के हज हाउस रोड पर प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद भी हालात सामान्य नहीं हो सके हैं। स्थानीय लोगों और जायरीनों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान गरीब दुकानदारों को हटाकर नाले के ऊपर बने चैंबरों को उखाड़ दिया गया, लेकिन उनका मलबा आज तक सड़क और नाले में ही पड़ा हुआ है। इससे राहगीरों और दरगाह आने वाले हजारों जायरीनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले मलबे के कारण आवागमन बाधित हो रहा है, जबकि बड़ी मात्रा में मलबा नाले के अंदर भी गिरा हुआ है। इससे नाले की स्थिति पहले से अधिक खराब हो गई है और जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।

लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के बाद न तो दरगाह प्रशासन की ओर से नाले की समुचित सफाई कराई गई और न ही सड़क पर पड़े मलबे को हटाने की कोई व्यवस्था की गई। ऐसे में बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या और गंभीर होने का खतरा बना हुआ है।

कुछ स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि दरगाह क्षेत्र में जलभराव की मुख्य वजह यही नाला है, तो अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ इसकी पूरी तरह सफाई भी कराई जानी चाहिए थी। उनका कहना है कि केवल गरीब दुकानदारों को हटाकर छोड़ देना समाधान नहीं है, बल्कि नाले को साफ कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।

कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या गरीब दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई केवल औपचारिकता थी, जबकि मूल समस्या यानी नाले की सफाई की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते नाले से मलबा नहीं हटाया गया तो आगामी बारिश में दरगाह क्षेत्र एक बार फिर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ सकता है।

अब स्थानीय लोगों और जायरीनों की निगाहें दरगाह प्रशासन और संबंधित विभागों पर टिकी हैं। देखना होगा कि सड़क पर पड़े मलबे को कब हटाया जाता है और नाले की समुचित सफाई कराकर लोगों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। आने वाला समय ही बताएगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →