(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर, हरिद्वार।विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते दरगाह परिसर, मुख्य मार्गों और आसपास के बाजारों में भारी जलभराव हो गया। घुटनों तक भरे गंदे पानी के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और दूर-दराज से आए जायरीनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ऐसे हालात में नगर पंचायत पिरान कलियर के अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद की गैरमौजूदगी के बावजूद नगर पंचायत के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। पूरी टीम ने जल निकासी, नालियों की सफाई और रास्तों से पानी हटाने का कार्य करते हुए स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत की टीम लगातार मौके पर मौजूद रहकर हालात सामान्य करने में जुटी रही, जबकि दरगाह प्रशासन की ओर से अपेक्षित व्यवस्था नहीं दिखाई दी। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाती तो इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

स्थानीय निवासी तसलीम अहमद ने कहा, "बारिश के बाद हालात बेहद खराब थे, लेकिन नगर पंचायत की पूरी टीम लगातार मौके पर डटी रही और लोगों की हरसंभव मदद की। यह सराहनीय कार्य है।"

स्थानीय निवासी इरफान साबरी ने कहा, "नगर पंचायत के सभासद और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करते रहे, लेकिन दरगाह प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी व्यवस्था देखने को नहीं मिली।"
मेरठ से आए श्रद्धालु फैसल खान ने कहा, "जलभराव के कारण काफी परेशानी हुई, लेकिन नगर पंचायत के कर्मचारियों और सभासदों ने हमारी मदद की और रास्तों से पानी हटाने का लगातार प्रयास किया।"
सहारनपुर से आए जायरीन मोहम्मद आरिफ ने कहा, "नगर पंचायत की टीम ने जिस तरह सेवा भाव से काम किया, वह काबिले-तारीफ है। उम्मीद है कि भविष्य में जलभराव की स्थायी व्यवस्था की जाएगी।"
इस दौरान नगर पंचायत के सभासद अमजद अली, सत्तार अहमद, , दिलबाग, राशिद अली, डॉ. शहजाद, एडवोकेट अलीम, मलिक इमरान, कलीम, सुपरवाइजर सूरज सिंह धामी, कार्यालय कर्मचारी अब्दुल रहमान, कादर खान, हिमांशु, मुनीष, ड्राइवर जुनैद, ड्राइवर जमाल, शेर अली तथा सफाई कर्मचारी राहुल, मोनू, नरेंद्र, दिनेश, विशाल और अंकित मौके पर मौजूद रहे। सभी ने संयुक्त रूप से जल निकासी, सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सहायता में सक्रिय भूमिका निभाई।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की टीम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में जिस तत्परता से सभी जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मैदान में उतरे, वह सराहनीय है। वहीं लोगों ने दरगाह प्रशासन से मांग की कि भविष्य में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि स्थानीय नागरिकों और लाखों श्रद्धालुओं को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →