(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार किए जाने की सूचना पर STF और कलियर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टीम ने मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान 1150 Puroxiwin Spas कैप्सूल और 10 Codectus TR कोडीन कफ सिरप बरामद किए। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

STF को सूचना मिली थी कि पिरान कलियर क्षेत्र में स्थित मोनी मेडिकल स्टोर से नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना पर STF, ड्रग विभाग और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने सावरी नावेद टी स्टॉल के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर नियमानुसार तलाशी ली।

तलाशी के दौरान काउंटर के ऊपरी रैक से 10 Codectus TR सिरप, जिनमें Triprolidine HCL और Codeine Phosphate शामिल हैं, बरामद किए गए। इसके अलावा चार पारदर्शी/सिल्वर पैकिंग में 215-215 कैप्सूल तथा अन्य ढीले कैप्सूल मिले। कुल 1150 Puroxiwin Spas कैप्सूल बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।
मूल पैकिंग हटाकर बेचने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि कैप्सूल की मूल पैकिंग और लेबल हटाकर उन्हें लूज में बेचा जाता था। पुलिस का आरोप है कि नशीली दवाओं को नशे के आदी लोगों को मुनाफे के लिए बेचा जा रहा था। मौके पर दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख और किसी चिकित्सक का प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुर्बान अली पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी महमूदपुर, उम्र 40 वर्ष तथा आदिल पुत्र जिन्दा हसन, निवासी मुकरपुर, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 212/2026, धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
संयुक्त टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई में STF के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल रवि पंत, कलियर थाने के एएसआई रामअवतार, हेड कांस्टेबल इसरार, हेड कांस्टेबल माजिद तथा ड्रग इंस्पेक्टर विनोद जगुड़ी और हरीश सिंह शामिल रहे।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →