REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

उर्स के मुख्य रास्तों पर कच्ची दुकानों और ठेली-रेहड़ी से बढ़ा अतिक्रमण, प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी नजर।

📅 25 Aug 2026, 07:15 AM🔥 19 views

📋 खबर का सार (Summary)
अपर हेडलाइन

उर्स के दौरान मुख्य मार्गों पर बढ़ा अस्थायी अतिक्रमण, जायरीनों की राह में बनी परेशानी।

(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। साबिर पाक के सालाना उर्स के मौके पर मेला क्षेत्र में देश-विदेश से जायरीनों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। इसी बीच मुख्य बाजारों और सार्वजनिक आवागमन वाले रास्तों पर कच्ची दुकानें, ठेली-रेहड़ी और अन्य अस्थायी दुकानें लगाकर किए जा रहे अतिक्रमण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मेला क्षेत्र में तालाब के किनारे, पहाड़ी गेट, हज हाउस रोड तथा तालाब से सटे मुख्य बाजारों में जगह-जगह अस्थायी दुकानें और ठेली-रेहड़ी लगाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इन स्थानों पर दुकानदार सार्वजनिक रास्तों के किनारे तक अपना सामान फैलाकर दुकानें संचालित कर रहे हैं, जिससे आने-जाने वाले जायरीनों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उर्स के दौरान ये सभी मार्ग बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। बड़ी संख्या में जायरीन इन्हीं रास्तों से दरगाह साबिर पाक और मेला क्षेत्र में पहुंचते हैं। ऐसे में यदि मुख्य रास्तों के किनारे लगातार अतिक्रमण बढ़ता रहा तो भीड़ के समय पैदल आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ जाम और अव्यवस्था की स्थिति भी पैदा हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स के दौरान प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं, लेकिन सार्वजनिक रास्तों पर बढ़ते अस्थायी अतिक्रमण पर भी प्रभावी कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। लोगों का कहना है कि दुकानों और ठेली-रेहड़ियों को निर्धारित स्थानों पर ही लगाने की व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि जायरीनों को आवागमन में परेशानी न हो।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि उर्स के दौरान पिरान कलियर के इन प्रमुख सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर प्रशासन कितना गंभीर रुख अपनाता है और क्या मुख्य रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई की जाती है। उर्स में बढ़ती भीड़ को देखते हुए समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →