REGULAR INDIA NEWS हिन्दी
BREAKING NEWS

पिरान कलियर में अवैध गतिविधियों पर शिकंजे की मांग, जिला प्रेस क्लब ने एसपी देहात को सौंपा ज्ञापन।

📅 18 Jul 2026, 01:37 PM🔥 20 views

📋 खबर का सार (Summary)
सट्टा, नशे के कारोबार और कुछ होटलों-गेस्ट हाउसों में कथित अनैतिक गतिविधियों की निष्पक्ष जांच व सख्त कार्रवाई की उठाई मांग।

(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर (हरिद्वार)। धार्मिक नगरी पिरान कलियर में कथित रूप से बढ़ रही अवैध गतिविधियों, सट्टा-खाईबाड़ी, नशे के कारोबार तथा कुछ होटलों एवं गेस्ट हाउसों में संचालित कथित अनैतिक गतिविधियों के विरोध में जिला प्रेस क्लब ने एसपी देहात रुड़की को ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

सुराज सेवादल के प्रदेश सचिव मोहम्मद इंतजार तथा सुराज सेवादल उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष और पिरान कलियर कार्यकारिणी अध्यक्ष मनव्वर कुरैशी सहित क्लब के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिरान कलियर देश-विदेश से आने वाले जायरीनों और पर्यटकों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक स्थल पर यदि अवैध सट्टा, नशे का कारोबार और कुछ होटलों एवं गेस्ट हाउसों में अनियमित या अनैतिक गतिविधियों जैसी शिकायतें सामने आती हैं, तो इससे क्षेत्र की छवि धूमिल होती है और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

जिला प्रेस क्लब के अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि सबसे अधिक चिंता युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को लेकर है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने, अवैध सट्टा-खाईबाड़ी पर कड़ी कार्रवाई करने तथा संदिग्ध होटलों और गेस्ट हाउसों की नियमित जांच कराने की मांग की।

महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि सामाजिक संगठनों, स्थानीय नागरिकों और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही क्षेत्र को अपराध और नशे के दुष्प्रभाव से मुक्त कराया जा सकता है। धार्मिक नगरी की गरिमा बनाए रखने के लिए कानून का सख्ती से पालन कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन में मांग की गई कि थाना क्षेत्र में संचालित सभी अवैध गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही होटल एवं गेस्ट हाउस संचालकों का सत्यापन तथा नियमों के अनुपालन की नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष मनव्वर कुरैशी ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन जनहित और क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाएगा, जिससे पिरान कलियर की धार्मिक एवं सामाजिक पहचान सुरक्षित रह सके।

इस दौरान एसपी देहात शेखर चन्द्र सुयाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रेस क्लब की ओर से प्राप्त ज्ञापन में उठाई गई शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इस खबर को शेयर करें:
WhatsApp
तौकीर आलम
तौकीर आलम
संपादक

डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पूरा प्रोफाइल देखें →