(तौकीर आलम पत्रकार)पिरान कलियर। विधानसभा पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। कार्यक्रम का आयोजन वाजिद मुखिया और उनकी टीम की ओर से किया गया, जबकि मंच का संचालन यामीन मुखिया ने किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी राजनीतिक सक्रियता के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में जनता अब बदलाव और एक नए विकल्प की तलाश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विकास न होने को लेकर क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद के प्रति जनता में नाराजगी है और लोग दूसरे विकल्प के रूप में उनकी पार्टी को देख रहे हैं।

आजाद अली ने कहा कि जन अधिकार पार्टी (ज) जनता के अधिकारों, क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाएगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और जनता को विकास की नई दिशा देना है।
कार्यक्रम के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव 2027, क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। आयोजक वाजिद मुखिया और उनकी टीम ने आजाद अली का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच संवाद स्थापित करने की जरूरत है।

इस मौके पर क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य लोग मौजूद रहे। जनसभा में उमड़ी भीड़ और जोरदार स्वागत को जन अधिकार पार्टी (ज) की क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →