पिरान कलियर। जन अधिकार पार्टी (जनशक्ति) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव संपर्क अभियान के तहत मिर्जापुर मुस्तफाबाद का दौरा किया। यहां युवाओं की ओर से आयोजित जनसभा को उन्होंने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं की समस्याओं, उनकी अपेक्षाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। पार्टी की ओर से दावा किया गया कि कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और आजाद अली के नेतृत्व में विश्वास जताया।


आजाद अली ने कहा कि युवा बदलाव की महत्वपूर्ण आवाज हैं और क्षेत्र के विकास में उनकी भागीदारी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। जनसभा में मौजूद युवाओं ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं और अपनी अपेक्षाएं उनके सामने रखीं। आजाद अली ने इन मुद्दों को लेकर आगे भी संवाद जारी रखने की बात कही।
लगातार गांवों में पहुंचकर बैठकें और जनसभाएं करने से पिरान कलियर की राजनीति में आजाद अली की सक्रियता चर्चा में है। मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में कांग्रेस के विधायक फुरकान अहमद के सामने आजाद अली की बढ़ती गतिविधियों को एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में देखा जाने लगा है। हालांकि, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि इसका चुनावी असर कितना होगा। फिलहाल गांव-गांव संपर्क अभियान के जरिए आजाद अली स्थानीय लोगों और खासकर युवाओं के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी मजबूत करने में जुटे हैं।
डिजिटल मीडिया विशेषज्ञ, वेब डेवलपर और जनवाणी एक्सप्रेस के मुख्य संपादक। पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर पर निष्पक्ष पत्रकारिता और डिजिटल मार्केटिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पूरा प्रोफाइल देखें →